गर्लफ्रेंड ने ब्वॉयफ्रेंड को लुटवाया, एप्पल फोन-चेन तो छीना ही, धमका कर करवाया ढाई लाख का ट्रांजेक्शन

पटना : अगर किसी लड़के की गर्लफ्रेंड ही उससे भारी भरकम लूट करवाने की मास्टरमाइंड बन जाए तो इससे समाज में आ रहे बदलाव व युवा पीढी की दूषित होती मानसिकता भी पता चलती है। पटना के पिरबहोर थाना क्षेत्र में एक लड़की ने अपने ब्वॉयफ्रेंड को खुद साजिश कर लुटवाया। उसका एक लाख 29 हजार का एप्पल फोन, सोने की चेन तो छिनवाया ही, अपने दोस्तों से धमका कर मोबाइल बैंकिंग से ढाई लाख का ट्रांजेक्शन भी करवा दिया।

इस राशि को लड़की ने अपने दोस्त के एकाउंट में ट्रांसफर करवा लिया। हालांकि बाद में पुलिस ने उक्त लड़की को रानीघाट इलाके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले के दूसरे आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, लड़का व लड़की दो साल से रिलेशनशिप में थे। लड़का अमीर है, इस वजह से वह अपनी गर्लफ्रेंड को एशो आराम की हर चीज देता था और उसकी जरूरतें पूरी करता था।

गर्लफ्रेंड बॉबी ने फोन कर दानापुर में रहने वाले अपने ब्वॉयफ्रेंड को गांधी मैदान के मोना सिनेमा के पास बुलाया। सन्नी अपनी कार से तय समय पर पहुंच गया, वहां बातचीत करने के बाद दोनों एक रेस्त्रां में गए फिर उसके बाद लड़की ने लड़के को सिगरेट पीने के लिए एनआइटी जाने की पेशकश की। अपनी गर्लफ्रेंड के कहे अनुसार, सन्नी बॉबी को कार से लेकर एनआइटी पहुूंच गया।

वहां उन्होंने सिगरेट ली और उसी दौरान एक बाइक सवार ने सन्नी की कार को टक्कर मार दी। फिर उससे उलझ गए। बाइक सवार ही सन्नी से उल्टे पैसे की मांग करने लगा। तू-तू, मैं-मैं के बीच चार लड़के वहां पहुंच गए और पिस्टल सटा कर सन्नी की कार पर सवार हो गए, इस बीच लड़की भाग गयी। चारों लड़कों ने सन्नी को काफी देर तक घुमाया और उसके बाद उसकी सोने की चेन, एप्पल मोबाइल छिन लिया और मोबाइल फोन से ढाई लाख का ट्रांजेक्शन करा लिया।

इस घटना के बाद सन्नी ने थाने में जाकर शिकात की। जानकारी के अनुसार, लड़की के कई लड़कों से संपर्क व दोस्ती है और वह घूमने की शौकीन है। सन्नी का पैसा जिन एकाउंट में ट्रांसफर हुआ उसे फ्रिज कर दिया गया है। लड़की बॉबी के पास एक एप्पल फोन मिला है, जिसके बारे में पुलिस को उसने बताया कि यह किसी दोस्त ने दिया। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More