दुमका: बाल सुधार गृह में नशीला पदार्थ पहुंचाते दो युवक धराए
दुमका: हिजला रोड स्थित बाल सुधार गृह में गुरूवार की शाम नशीला पदार्थ पहुंचाने वाले दो युवकों को सुरक्षा गार्ड ने पकड़कर मुफस्सिल थाना की पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। आरोपित मोनू खान डंगालपाड़ा और शाहरूख अंसारी रसिकपुर के रहने वाले हैं। मोनू पहले भी मारपीट के मामले में जेल जा चुका है।
गृहपति अब्दुल गफ्फार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। देर शाम को दोनों युवक गांजा, खैनी व सिगरेट लेकर बाल सुधार गृह पहुंचे। मुख्य द्वार बंद होने के कारण दोनों ने पालीथिन में सारा सामान भरकर बाहर से ही अंदर परिसर में फेंक दिया। आवाज महसूस होने पर सुरक्षा कर्मियों ने जाकर देखा तो पालीथिन में नशीला पदार्थ भरा हुआ था।
सभी ने बाहर आकर देखा तो दोनों युवक भागने लगे। सुरक्षा कर्मियों ने खदेड़कर दोनों को धर दबोचा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़कर थाना लाई। पुलिस दोनों से यह जानने का प्रयास कर रही है कि दोनों अपने किसी साथी को नशीला पदार्थ देने गए थे या फिर दूसरे बंदियों को नशीला पदार्थ की आपूर्ति किया करते थे। मुफस्सिल थानेदार उमेश् राम ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ कर उनका आपराधिक रिकार्ड निकाला जा रहा है। बरामद पदार्थ ज्यादा मात्रा में नहीं है।


