अंधविश्वास : चतरा के प्रतापपुर में गर्भवती मृत महिला को झाड़-फूंक कर जीवित करने की कोशिश

चतरा : समाज में अब भी अंधविश्वास बुरी तरह व्याप्त है। ऐसा ही एक मामला झारखंड के चतरा जिले में सामने आया है। यहां एक मृत गर्भवती महिला को लोग झाड़-फूंक कर जीवित करने की कोशिश करते रहे।

चतरा जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर प्रतापपुर प्रखंड क्षेत्र के सिद्दकी पंचायत के हरहद सिजुआ गांव में एक गर्भवती महिला की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गयी। महिला की मौत हो जाने के बाद शव को लेकर परिजन घर वापस लौट गए और उसे एक कमरे में बंद रख कर झाड़-फूंक कर जीवित करने की कोशिश की जाती रही।

महिला को झाड़-फूंक के माध्यम से घंटों जीवित करने की कोशिश की जाती रही। आखिरकार इसमें कामयाबी नहीं मिलने पर किसी ने डॉक्टर को बुला लिया, डॉक्टर ने पहुंच कर महिला की शरीर की जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद झाड़-फूंक कर महिला को जीवित करने की कोशिश करने वाले लोग मौके से फरार हो गए।

अंधविश्वास के इस खेल में लोगों को अकसर नुकसान ही झेलना पड़ता है। उनसे पैसे व सामान की ठगी की जाती है और कई बार जो लोग गंभीर स्थिति में होते हैं उनकी जान चली जाती है।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More