करमा पूजा में महिलाओं से छेड़खानी और फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने एक देसी कट्टा और खोखा किया बरामद, दोनों आरोपियों को भेजा न्यायिक हिरासत में
साहिबगंज। मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के तेलियाडीह करमटोला गांव में करमा पूजा के दौरान हंगामे का मामला सामने आया है। महिलाओं से छेड़खानी का विरोध करने पर फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले को लेकर तेलियाडीह करमटोला निवासी मोनिका देवी ने 23 सितंबर को मिर्जाचौकी थाना में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, 22 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे गांव की महिलाएं और युवतियां करमा पूजा पर पारंपरिक गीत-नृत्य कर रही थीं।
आरोप है कि इसी दौरान जिरवाबाड़ी के ज्योति मोड़ निवासी करण रिख्यासन, पिता स्व. मन्नू रिख्यासन और गोड्डा जिला के महगामा थाना के चुन्नाचक निवासी रामकुमार राय उर्फ रामा, पिता शिवनाथ राय, नशे की हालत में वहां पहुंचे और महिलाओं के साथ गाली-गलौज व छेड़खानी की। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की गई।
पीड़िता का आरोप है कि करण रिख्यासन ने जूते में छिपाकर रखे देसी कट्टे से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया। इधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर तीन युवकों को पकड़कर पिटाई कर दी, जिसमें एक घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। मिर्जाचौकी थाना में कांड संख्या 80/26 दर्ज कर पुलिस ने नामजद करण रिख्यासन और रामकुमार राय उर्फ रामा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और एक खोखा बरामद किया है।


