Sahibganj News: एलआईसी एचएफएल सीएसआर से संवर गया पिपरजोरिया हाट, उपायुक्त ने किया उद्घाटन

उपायुक्त ने किया पिपरजोरिया हाट बाजार का उद्घाटन

एलआईसी एचएफएल सीएसआर के सहयोग से निर्देश संस्था द्वारा हृदय परियोजना के तहत पुनर्निर्मित पिपरजोरिया हाट बाजार का उद्घाटन 24 अक्टूबर 2026 को उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने किया। उन्होंने फीता काटकर और नारियल फोड़कर बाजार का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

इस अवसर पर एलआईसी एचएफएल सीएसआर के रीजनल लीड सौरव चक्रवर्ती, निर्देश संस्था के सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह, निदेशक बिनोद कुमार, खुटहरी पंचायत के मुखिया मसीह टुडू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हृदय परियोजना के तहत पिपरजोरिया हाट बाजार को नया रूप दिया गया है। यहां पांच शेड का पुनर्निर्माण किया गया है। साथ ही महिला-पुरुष शौचालय एवं यूरिनल, 17 सोलर लाइट, फर्श और दीवारों की पेंटिंग, पार्किंग की सुविधा, जल निकासी और सूचना बोर्ड की व्यवस्था की गई है। नई सुविधाओं से स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और बाजार आने वाले व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। बरसात में कीचड़ और अंधेरे की समस्या से भी निजात मिलेगी।

उद्घाटन के बाद उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने परियोजना के तहत लगाए गए उद्यम स्टॉलों और किए गए कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश संस्था के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में निर्देश संस्था के कार्यकर्ताओं के अलावा परियोजना से लाभान्वित करीब 500 महिलाएं, किशोरियां और ग्रामीण शामिल हुए। महिलाओं ने अपने द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन भी किया।

गौरतलब है कि निर्देश संस्था वर्ष 1995 से ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। हृदय परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देना और स्वास्थ्य, स्वच्छता व पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More