Sahibganj News: कलश स्थापना के साथ शुरू हुई मां दुर्गा की आराधना, मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

साहिबगंज: प्रखंड मुख्यालय सहित पूरे क्षेत्र में विधि-विधान के साथ कलश स्थापना कर शारदीय नवरात्र का भव्य शुभारंभ किया गया। कलश स्थापना के साथ ही पूरा इलाका भक्ति और आस्था के रंग में रंग गया। नवरात्र के पहले दिन से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है।
पुलिस लाइन, कृष्णा नगर, रेलवे जेनरल इंस्टीट्यूट, बंगाली टोला, रिफ्यूजी कॉलोनी और झरना कॉलोनी समेत सभी प्रमुख दुर्गा मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापित किया गया। इसके बाद मंदिरों में पूजा-पाठ, आरती और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर शुरू हो गया।
मां दुर्गा की आराधना में लीन श्रद्धालु
श्रद्धालु माता रानी के दरबार में शीश झुकाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। नवरात्र को लेकर महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का आना-जाना लगा हुआ है।
जय माता दी के जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल
शारदीय नवरात्र के अगले नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। क्षेत्र में चारों ओर जय माता दी के जयकारे गूंज रहे हैं। कलश स्थापना के साथ शुरू हुआ यह धार्मिक उत्सव श्रद्धालुओं के बीच उत्साह और भक्ति का संचार कर रहा है।


