साहिबगंज में अवैध हथियारों के साथ तस्कर गिरफ्तार, पांच हथियार बरामद

चार देसी कट्टा और एक देसी बंदूक जब्त, गोड्डा के हथियार सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस

साहिबगंज : शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के जखीरे का पर्दाफाश किया है। महादेवगंज मुस्लिम टोला में छापेमारी कर पुलिस ने चार देसी कट्टा और एक देसी बंदूक समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक को 28 अक्टूबर की देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि मो. राजा नामक युवक अपने घर में अवैध हथियारों का जखीरा छिपाकर रखता है और उनकी खरीद-बिक्री करता है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर तत्काल छापेमारी टीम का गठन किया गया। मुफस्सिल थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से चार देसी कट्टा, एक देसी बंदूक, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये सभी हथियार गोड्डा जिले के ठाकुर गंगटी थाना क्षेत्र के खुरपीट चपरी गांव निवासी मिहीर महतो से खरीदकर लाता था। पुलिस अब मिहीर महतो की तलाश में जुटी है। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 129/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी मो. राजा, पिता शेख रफिक, को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छापेमारी टीम में नगर थाना इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय, सब इंस्पेक्टर विक्रम कुमार, रविन्द्र सिंह, केशव मालाकार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More