साहिबगंज कॉलेज की प्लेटिनम जुबली की तैयारी तेज, चेंबर ऑफ कॉमर्स देगा सहयोग

साहिबगंज कॉलेज की प्लेटिनम जुबली की तैयारी बैठक में शामिल प्राचार्य और चेंबर पदाधिकारी
27-28 दिसंबर को होगा दो दिवसीय भव्य समारोह, शैक्षणिक गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

साहिबगंज: अपने स्थापना के 75 वर्ष पूरे कर रहे साहिबगंज महाविद्यालय के प्लेटिनम जुबली समारोह को यादगार बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को प्राचार्य कक्ष में तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें डिस्ट्रिक्ट चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ समारोह की रूपरेखा पर मंथन हुआ। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। बैठक में आगामी 27 एवं 28 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले दो दिवसीय समारोह की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के संयोजक एवं इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. दिनेश कुमार यादव ने समारोह की प्रस्तावित रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि दो दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में शैक्षणिक गतिविधियां, संगोष्ठी, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण होंगे। साथ ही उन्होंने आयोजन से जुड़े संभावित व्यय का ब्योरा भी रखा।

बैठक में साहिबगंज डिस्ट्रिक्ट चेंबर ऑफ कॉमर्स से चेतन भरतिया, रमेश तिवारी, राजेश, मनीष पाठक एवं अवधेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने समारोह के सफल आयोजन के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि प्लेटिनम जुबली केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि महाविद्यालय की 75 वर्षों की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और सामाजिक योगदान को रेखांकित करने का ऐतिहासिक अवसर है। समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, व्यावसायिक संगठनों और पूर्ववर्ती विद्यार्थियों के सहयोग से इसे यादगार बनाया जाएगा।

बैठक में अंग्रेजी विभाग के डॉ. संतोष कुमार चौधरी, अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. रूपा, वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. कोमल कुमारी तथा बीएड विभाग के प्रो. नितिन कुमार सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित थे।

गौरतलब है कि साहिबगंज महाविद्यालय जिले का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान है। इसका प्लेटिनम जुबली समारोह न केवल संस्थान के इतिहास का जश्न होगा, बल्कि वर्तमान विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों और समाज के बीच सेतु को और मजबूत करने का भी सुअवसर बनेगा।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More