Sahibganj News: बरहेट में कम राशन देने के विरोध पर कार्डधारी की पिटाई का आरोप, थाने में शिकायत

साहिबगंज: बरहेट प्रखंड के पचकठिया बाजार में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान पर कम राशन देने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक राशन कार्डधारी ने दुकान संचालक परिवार के सदस्यों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की पहचान पचकठिया निवासी निमाय चंद्र रूज के रूप में हुई है। उन्होंने इस संबंध में बरहेट थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, मंगलवार को वह पचकठिया बाजार स्थित जन वितरण प्रणाली की दुकान पर राशन लेने गए थे। आरोप है कि उन्हें निर्धारित मात्रा से एक किलो कम अनाज दिया जा रहा था। जब उन्होंने कम राशन लेने से इनकार करते हुए इसका विरोध किया, तो दुकान पर विवाद शुरू हो गया। पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद डीलर के परिवार से जुड़े छोटन दत्ता, उनके भाई मनकु दत्ता और पिता विजय दत्ता ने मिलकर उनके साथ मारपीट की।
घटना में घायल होने के बाद निमाय चंद्र रूज बरहेट थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा। शिकायत के बाद पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उन पर आवेदन वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही, उन्हें झूठे मामले में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने की बात कही है।
वहीं, आरोपी पक्ष के मनकु दत्ता ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बेबुनियाद बताया है। फिलहाल, मामले में दोनों पक्षों के आरोप सामने आए हैं। पुलिस को लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


