Sahibganj News : साहिबगंज में 108 एम्बुलेंस कर्मियों का आंदोलन छठ तक टला

साहिबगंज : झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने प्रस्तावित आंदोलन को छठ पूजा तक स्थगित कर दिया है। संघ ने जिले के सभी कर्मियों को सेवा सुचारू रखने और एकजुट रहने का निर्देश दिया है। साथ ही, चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 18 नवंबर से पूरे राज्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी।
जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को प्रदेश संगठन के प्रतिनिधिमंडल की स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के साथ अहम वार्ता हुई थी। इस वार्ता में कर्मियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य मांगों में सेवा सुरक्षा, बकाया वेतन का भुगतान, हर माह तय समय पर वेतन, ईपीएफ, अवकाश एवं अन्य सुविधाएं, बायोमेट्रिक हाजिरी से जुड़ी समस्याएं और सेवा से संबंधित अन्य मुद्दे शामिल थे।
स्वास्थ्य विभाग ने मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए समाधान के लिए कुछ समय मांगा है। विभाग के आश्वासन को देखते हुए प्रदेश संगठन ने छठ पर्व तक आंदोलन स्थगित रखने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद 25 अक्टूबर को जिला इकाई साहिबगंज ने सभी कर्मियों के लिए सूचना जारी की है।
जिला संगठन ने कहा है कि स्थगन अवधि में सभी 108 एम्बुलेंस कर्मी पूरी निष्ठा के साथ एम्बुलेंस सेवा को सुचारू बनाए रखें और प्रदेश संगठन के निर्णय का पालन करें। सभी से एकजुट, सतर्क और अनुशासित रहने की अपील की गई है। संघ ने यह भी कहा है कि यदि किसी कर्मचारी पर संगठन में रहने के कारण अनुचित कार्रवाई, प्रताड़ना, तबादले या सेवा समाप्ति जैसी कार्रवाई होती है, तो तुरंत जिला संगठन को सूचित करें, ताकि मामला प्रदेश स्तर पर उठाया जा सके।
संघ ने साफ किया है कि यदि तय समय-सीमा में वार्ता में सहमत बिंदुओं पर कार्रवाई नहीं हुई और मांगों का संतोषजनक समाधान नहीं निकला, तो 18 नवंबर 2026 से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। जिला संगठन ने कर्मियों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने को कहा है।
इस संबंध में जिला उपाध्यक्ष रोहित रंजन ने बताया कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि 108 एम्बुलेंस कर्मियों के सम्मान, अधिकार और सेवा सुरक्षा की लड़ाई है।


