Sahibganj News: गुय्या पहाड़िया हत्याकांड का खुलासा, हथियार समेत मुख्य आरोपी गिरफ्तार

एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी मामले की जानकारी
साहिबगंज: बोरियो थाना क्षेत्र के गांडे पहाड़ नवगाछी में हुए गुय्या पहाड़िया हत्याकांड का पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून लगी मिट्टी भी बरामद की गई है।
बताया गया कि मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन ने बोरियो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि कतरु पहाड़िया उर्फ चकरो पहाड़िया ने उनके पति गुय्या पहाड़िया की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरक्षी अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर बोरियो इंस्पेक्टर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज कुछ घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूरे मामले का खुलासा बोरियो थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून लगी मिट्टी बरामद की है।
छापेमारी दल में बोरियो इंस्पेक्टर नुनुदेव राय, थाना प्रभारी रोहित कुमार, सब इंस्पेक्टर सिद्धार्थ टोप्पो, दूधनाथ सिंह, सहायक अवर निरीक्षक देवनारायण साहू, विराम मरांडी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


