Sahibganj News : मां बायसी स्थान में सजेगा मायापुर इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल, चंदननगर की लाइटों से जगमगाएगा परिसर

मां बायसी स्थान में मायापुर इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर तैयार हो रहा भव्य पंडाल।

साहिबगंज : जिले की ऐतिहासिक और सबसे पुरानी काली पूजा में शामिल मां बायसी स्थान की पूजा इस वर्ष और भी भव्य रूप लेने जा रही है। वर्ष 1948 से चली आ रही इस परंपरा को इस बार आकर्षक और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और पंडाल निर्माण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है।

मायापुर इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर बनेगा पंडाल

इस वर्ष पूजा का मुख्य आकर्षण बंगाल के प्रसिद्ध मायापुर इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा भव्य पंडाल होगा। इसके निर्माण में कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। पंडाल का विशाल बांस-बल्ली का ढांचा इसकी भव्यता की झलक दे रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर जैसी आकर्षक सजावट देखने को मिलेगी।

10 लाख रुपये से अधिक का बजट, चंदननगर की लाइटों से होगी सजावट

पूजा समिति के अध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि इस वर्ष पूजा का बजट 10 लाख रुपये से अधिक रखा गया है। श्रद्धालुओं के आकर्षण के लिए मां काली की विशाल और आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाएगी। वहीं, पूरे पूजा परिसर को बंगाल के प्रसिद्ध चंदननगर की रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। रात के समय रोशनी से जगमगाता परिसर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि मां बायसी स्थान की काली पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि साहिबगंज की आस्था, संस्कृति और वर्षों पुरानी परंपरा का प्रतीक है। हर वर्ष की तरह इस बार भी पूजा में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। भव्य पंडाल और आकर्षक विद्युत सज्जा को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More