Sahibganj News: काटरगंज में बन रहा जगन्नाथ पुरी मंदिर थीम पर भव्य पंडाल

दिन-रात निर्माण कार्य में जुटे कारीगर, पंडाल और प्रकाश व्यवस्था पर खर्च होंगे 11 लाख रुपये
साहिबगंज: जिले में शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह चरम पर है। साक्षरता चौक स्थित काटरगंज में इस बार भक्तों को एक अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। यहां का दुर्गा पूजा पंडाल ओडिशा के विश्व प्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ पुरी मंदिर की भव्यता से प्रेरित होकर बनाया जा रहा है। इसको लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। पंडाल निर्माण और प्रकाश व्यवस्था के लिए 11 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
कारीगर दिन-रात पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मंदिर की ऊंची गुंबद, कलात्मक नक्काशी और विशाल सिंह द्वार की झलक पंडाल में देखने को मिलेगी। पूर्वांचल दुर्गा पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष विमल यादव ने बताया कि इस बार पंडाल में लाइटिंग और सजावट का विशेष संगम होगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा।
स्थानीय लोगों में पंडाल को लेकर जबरदस्त उत्सुकता है। हर कोई इसकी एक झलक के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा है। समिति का दावा है कि इस बार का पंडाल पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा और साहिबगंज की दुर्गा पूजा को एक नई पहचान देगा।


