तीनपहाड़ में iRAD-eDAR पोर्टल को लेकर प्रशिक्षण, सड़क सुरक्षा पर दिया गया जोर

सड़क सुरक्षा और दुर्घटना प्रबंधन को लेकर प्रशिक्षण में शामिल पुलिस पदाधिकारी।
पुलिस पदाधिकारियों को दुर्घटना संबंधी आंकड़ों की ऑनलाइन प्रविष्टि और मुआवजा प्रक्रिया की दी गई जानकारी

साहिबगंज: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तीनपहाड़ थाना परिसर में iRAD-eDAR पोर्टल को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों की सटीक एवं समयबद्ध प्रविष्टि, पोर्टल के प्रभावी उपयोग और पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि दुर्घटना से जुड़े सभी आवश्यक आंकड़े, दस्तावेज एवं जानकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य है, जिससे मामलों का पारदर्शी प्रबंधन और मुआवजा प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

कार्यक्रम में एल्कोहल ब्रेथ एनालाइजर मशीन के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की विधि और इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया गया। इसके अलावा हिट एंड रन मामलों के प्रबंधन, संबंधित दिशा-निर्देशों तथा नेक नागरिक से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा हुई।

अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को सरकार की ओर से संरक्षण और प्रोत्साहन दिया जाता है। इसलिए लोगों को बिना किसी भय के आगे आकर घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाना चाहिए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में थाना प्रभारी गौरव भगत, iRAD-eDAR मैनेजर मनोज कुमार, एनआईसी साहिबगंज के प्रतिनिधि सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More