Sahibganj News: गुमानी में इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग तेज, DRM से मिलने का समय मांगा

गुमानी में ट्रेन ठहराव की मांग को लेकर नवझारखंड जनएकता संगठन ने तेज की पहल।
नवझारखंड जनएकता संगठन ने 22 अक्टूबर को वार्ता के लिए भेजा पत्र, चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल करेगा मुलाकात

साहिबगंज: गुमानी रेलवे स्टेशन पर मालदा टाउन–हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (13011/13012) के ठहराव की मांग ने जोर पकड़ लिया है। इस मांग को लेकर नवझारखंड जनएकता संगठन ने अब हावड़ा मंडल के रेल प्रबंधक (DRM) से सीधे वार्ता करने की पहल की है। संगठन ने गुमानी स्टेशन मास्टर के माध्यम से डीआरएम को पत्र सौंपकर 22 अक्टूबर 2026 को दोपहर दो बजे मिलने का समय मांगा है। साथ ही, निर्धारित तिथि पर व्यस्तता होने की स्थिति में किसी अन्य सुविधाजनक तिथि पर समय देने का अनुरोध किया है।

संगठन के अध्यक्ष फारोग अहसान ने पत्र में कहा है कि गुमानी रेलवे स्टेशन साहिबगंज-पाकुड़ के सीमावर्ती क्षेत्र का प्रमुख स्टेशन है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और मरीज आवागमन करते हैं। ऐसे में मालदा टाउन–हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को सुविधा मिलेगी और हावड़ा-मालदा रेल संपर्क भी मजबूत होगा।

उन्होंने बताया कि संगठन पहले भी इस मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चला चुका है और रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुका है। संगठन का कहना है कि यात्रियों की संख्या, उनकी समस्याओं और रेल परिचालन से जुड़े पहलुओं का आकलन करते हुए ठहराव की मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।

डीआरएम से मुलाकात के लिए संगठन ने चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया है। इसमें अध्यक्ष फारोग अहसान, कोषाध्यक्ष सरफराज अहमद, संगठन प्रभारी अब्दुल मलिक और सदस्य आमिर हमजा शामिल हैं।

संगठन को उम्मीद है कि रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा से जुड़े इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करेगा। अब यह देखना होगा कि हावड़ा मंडल प्रशासन प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए कब समय देता है और गुमानी स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More