Sahibganj News: एसआईआर को लेकर कांग्रेस ने लगाया सहायता कैंप, ग्रामीणों की शंकाओं का किया समाधान

बड़ासोनकर गांव में ग्रामीणों को मतदाता पुनरीक्षण की जानकारी देते बरकत खान व अन्य।

साहिबगंज: बरहरवा प्रखंड के बड़ासोनकर पंचायत अंतर्गत बड़ासोनकर गांव में बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने किया। इस दौरान एसआईआर के मास्टर ट्रेनर मुरसलीन खान विशेष रूप से मौजूद रहे।

गांव में कई मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया की सही जानकारी नहीं थी। कई लोग जरूरी कागजातों को लेकर उलझन में थे तो कई ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें अब तक नोटिस ही नहीं मिला है। ग्रामीणों की इन्हीं परेशानियों को देखते हुए कांग्रेस टीम ने गांव में कैंप लगाया।

कैंप में ग्रामीणों को बताया गया कि- एसआईआर नोटिस मिलने के बाद उसमें लिखे समय और स्थान पर संबंधित अधिकारी के सामने पहुंचना है। नाम, पता, जन्मतिथि और वोटर लिस्ट से जुड़े सभी प्रमाण सही-सही पेश करने हैं। नोटिस में दी गई जानकारी को ध्यान से पढ़ना है। जिन लोगों के नाम या विवरण में गलती थी, या जिनके पास दस्तावेजों की कमी थी, उनकी अलग-अलग समस्याएं सुनकर समाधान बताया गया। जिन लोगों को नोटिस नहीं मिला था, उन्हें बीएलओ के माध्यम से नोटिस दिलाने की व्यवस्था की गई।

इस दौरान बरकत खान ने लोगों से अपील की कि वे किसी अफवाह में न आएं और सही जानकारी के लिए अपने बीएलओ या कांग्रेस के बीएलए-2 से संपर्क करें। मौके पर सैकड़ों ग्रामीण और कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। बरकत खान ने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता को जानकारी के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए। जनता की समस्या ही कांग्रेस की जिम्मेदारी है। हर योग्य मतदाता तक सही जानकारी पहुंचाना हमारा संकल्प है।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More