ग्राहकों के लिए राहत की खबर, 28 से 30 सितंबर की बैंकों की 3 दिन की हड़ताल स्थगित

5 डे वर्किंग की मांग को लेकर होने वाली देशव्यापी हड़ताल टली, बैंक शाखाएं और सेवाएं रहेंगी सामान्य
साहिबगंज: बैंक ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। सभी बैंकों में 5 डे वर्किंग लागू करने की मांग को लेकर 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल स्थगित कर दी गई है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ओर से इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की गई है।
एसबीआई की सूचना के अनुसार, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी बैंक शाखाएं और बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी।
दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस लंबे समय से सभी शनिवार को छुट्टी किए जाने और 5 डे बैंकिंग लागू करने की मांग कर रहा है। इसी मांग को लेकर तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया गया था।
रविवार को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच हुई बैठक में छुट्टियों से संबंधित मांग पर विचार करने के लिए एक कमेटी बनाने पर सहमति बनी। इसके बाद प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
ग्राहकों को मिली बड़ी राहत
हड़ताल स्थगित होने से बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। हड़ताल होने की स्थिति में तीन दिनों तक कैश जमा और निकासी, चेक क्लीयरेंस समेत कई बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। अब हड़ताल टलने के बाद बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।


