रांची : मालिक के 26 लाख उड़ा कर गर्लफ्रेंड को दिल्ली-मुंबई घुमा रहा था शादीशुदा युवक, धराया

रांची : रांची के कांके रोड निवासी एक कारोबारी रवींद्र कुमार टिबड़ेवाल के घर से 26 लाख उड़ा कर एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड को दिल्ली की सैर करा रहा था। लेकिन, अब उसकी मौज-मस्ती खत्म हो गयी है और पुलिस उसे गिरफ्तार कर चुकी है। उसकी गिरफ्तारी धुर्वा डैम साइट के किराये के घर से हुई है। वहां वह प्रेमिका के साथ किराये के घर में रह रही है। आरोपी युवक का नाम अनिल टाना भगत है और वह मांडर थाना क्षेत्र के सकरा गांव का रहने वाला है। वह रवींद्र कुमार टिबड़ेवाल के पिता की गाड़ी चलाता था।
पुलिस ने उसके पास से चोरी के 10 लाख रुपये बरामद किया है। पुलिस ने उसके घर से लैपटॉप, फ्रीज, टीवी, पलंग, सोफा, पलंग, महंगे कपडे सहित एक ट्रक सामान बरामद किया है। यह सारा सामान उसने चोरी के पैसे से खरीदे हैं।
पुलिस ने तकनीकी शाखा की मदद से इस मामले की जांच आरंभ की है। जांच शुरू होने पर उसका लोकेशन रायपुर आया, इसके बाद वहां पहुंची पुलिस रांची लौट आयी और फिर उसके घर पर छापेमारी की, जहां वह धरा गया।
उसने पुलिस को बताया कि चोरी के पैसे का ज्यादातर हिस्सा उसने अपनी प्रेमिका को घुमाने व महंगे सामान खरीदने में खर्च कर दिया। उसने कहा कि वह शादीशुदा है, लेकिन प्रेमिका के साथ मौज की जिंदगी गुजरना चाहता था। वह अपनी प्रेमिका को मुंबई-दिल्ली जैसे महानगर में घुमा चुका है।
जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को कोरोना संक्रमित होने के बाद रवींद्र कुमार टिबड़ेवाल कोरोना संक्रमित होने के बाद सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती थे। इससे पहले उन्होंने डीलर से कलेक्शन के 26 लाख रुपये अपने कमरे के अलमीरा में रखा था, जब जून में वे स्वस्थ होकर अपने फ्लैट लौटे और अलमीरा चेक किया तो पैसा गायब पहुंचा। उसके बाद पुलिस से मामले की शिकायत की गयी। ड्राइवर अनिल इतना शातिर था कि उसने इस बीच मई में ही उनके यहां नौकरी छोड़ दी। जब रवींद्र ने अस्पताल से लौटने पर उससे संपर्क की कोशिश की तो संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिससे उनका संदेह गहरा हो गया।


