पुलिस कर्मियों पर हमले व उत्पीड़न के सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने लिखा FB पोस्ट, सत्तापक्ष पर हमला

गोड्डा : गोड्डा जिले के ठाकुर गंगटी में पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ है. हम इसकी निंदा करते हैं. हम मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि अविलंब दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो. यह बातें विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कही है. उन्होंने कहा है कि कोरोना जैसे संकट में सेवादूत सरीखे पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने, इस अवधि का वेतन दुगुना कर उनकी हौसला अफजाई करने की बजाय राज्य सरकार इनको हतोत्साहित करने और प्रताड़ित कराने में लगी है. इसके परिणामस्वरूप ही लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं. मसलन हिन्दपीढ़ी इलाके में तैनात थानेदार को प्रतिबंधित मांस से जुड़े एक मामले में एक व्यक्ति से सख्ती से पूछताछ करने के आरोप में 31 मार्च को हटाया नहीं गया होता तो शायद वहां की परिस्थिति आज इस प्रकार बेकाबू नहीं हुई होती.

लोहरदगा जिले में कुछ सफेदपोशों के नाम से जुड़ी एक रिपोर्ट सुपुर्द करने वाले विशेष शाखा में पदस्थापित एक डीएसपी का तबादला करना सरकार की दूसरी भूल रही. आश्चर्य की बात यह है कि डीएसपी की वह रिपोर्ट आरोपियों तक पहुंच गयी और आरोपियों द्वारा डीएसपी को हटाने के लिए लिखे पत्र के आधार पर ही डीएसपी को सरकार ने झटके में हटा दिया. तीसरा मामला सरकार में शामिल सहयोगी पार्टी कांग्रेस की महागामा की विधायक से जुड़ा है. विधायक ने एक मामले में एफआइआर में विलंब को लेकर थाने में दर्जनों लोगों के साथ जाकर हंगामा कर लाॅकडाउन तोड़ा. पहले तो लाॅकडाउन का उल्लंघन कर रांची से महागामा पहुंच गयीं. यह अपने आप में जांच व कार्रवाई का विषय है. वहां पर खड़ा होकर दारोगा को सस्पेंड करवाया. परिणामस्वरूप उस इलाके के सभी पुलिसकर्मियों ने विधायक की प्रताड़ना में काम नहीं करने के लिए सरकार से गुहार लगायी है.

पूरे राज्य का पुलिस महकमा मामले को लेकर आंदोलित व उद्धेलित है. विधायक की गलत महत्वकांक्षा की पूर्ति की राह में बाधक बन रहे पुलिसकर्मियों का त्राहिमाम पत्र राज्य के लिए खतरे की घंटी है. आश्चर्य है कि जिस मामले को लेकर हाय-तौबा मचाया गया वह स्थानीय महत्व का भी नहीं था और न ही इसका राज्य से कोई सरोकार ही है. इस मामले में विलंब से न कोई सामाजिक समरसता दरक रही थी और न ही झारखंड पर कोई पहाड़ टूट रहा था. यह मामला पूरी तरह राजनीतिक लाभ लेने की होड़ लेने का है.

उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि कोरोना संकट के बीच किसी की राजनीतिक महत्वकांक्षा को पूरा करने के लिए दारोगा को सस्पेंड करना व उपर्युक्त अन्य मामले से ही ठाकुर गंगटी जैसी घटना की पृष्ठभूमि तैयार हुई. मुझे लगता है कि राज्य सरकार पर कहीं न कहीं ऊपरी दबाव है जिसकी वजह से कुछ खास लोग पुलिस को धूल चटाने पर तुले हुए हैं और सरकार नतमस्तक होकर परिणाम की परवाह किए बगैर सब झेल रही है. हम मुख्यमंत्री से आग्रह करते हैं वे इन चीजों को देखें. कोई बाहरी दबाव है तो इससे बाहर निकलें. यह उनके भी हित के होगा, राज्यहित में होगा.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More