कोडरमा: शांति मोटल में दो युवकों की हत्या मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी

दरअसल बिहार से शराब पीने के लिए पांच युवक सीमावर्ती इलाका कोडरमा के उक्त होटल पहुंचे थे। वहां शराब पीने से मना किया गया। इसके बाद होटल संचालक और शराब पी रहे युवकों के बीच पैसे के भुगतान को लेकर कहा-सुनी हुई।

कोडरमा: शराब पीने को लेकर विवाद में कोडरमा स्थित एक होटल में शनिवार की रात दो लोगों की हत्या मामले में पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। घटना कोडरमा के बाघीटांड में शनिवार को हुई थी, जहां शराब पीने बिहार से पांच युवक शांति मोटल पहुंचे थे। उनलोगों ने वहां जमकर शराब पी। इस दौरान उनलोगों की होटल मालिक से किसी बात को लेकर बहस हो गई और फिर जमकर मारपीट हुई।

 

सीसीटीवी फुटेज में युवकों के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आयी है। बताया जाता है कि मारपीट के बाद पैसे चुकाकर सभी युवक वहां से चले गए थे। जाते-जाते होटल मालिक को धमकी भी दी। बाद में सभी युवक वापस लौटे और गोलियां बरसाने लगे जिसमें होटल मैनेजर नसीम एराकी (30, पिता अब्दुल सत्तार) और एक अन्य कर्मी अंजर आलम उर्फ राजन (32, पिता रियाजुद्दीन) की गोली लगने से मौत हो गई।

 

रात में हुई घटना के बाद शव के साथ लोगों ने पटना रांची रोड को जाम कर दिया। पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप और घटना के आरोपी सभी लोगों के पकड़ लिए जाने की खबर के बाद रात के एक बजे सड़क जाम हटाया गया।

सीसीटीवी ने घटना के पीछे का खोला राज

घटना को लेकर जब पुलिस ने होटल में लगा सीसीटीवी खंगाला तो घटना के पीछे की वजह भी सामने आई। दरअसल बिहार से शराब पीने के लिए पांच युवक सीमावर्ती इलाका कोडरमा के उक्त होटल पहुंचे थे। वहां शराब पीने से मना किया गया। इसके बाद होटल संचालक और शराब पी रहे युवकों के बीच पैसे के भुगतान को लेकर कहा-सुनी हुई।

 

विवाद के दौरान होटल संचालक और होटल के अन्य कर्मियों ने मिलकर शराब पी रहे युवकों की जमकर धुनाई कर दी। मारपीट की घटना के दो घंटे के बाद एक बार फिर से पांचों युवक होटल पहुंचे और गोली चलाने लगे। गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद पांचों युवक पहले से खड़ी टाटा नेक्सन में सवार हुए और भाग निकले।

 

परन्तु हड़बड़ी में भागने के दौरान कोडरमा घाटी में गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद युवकों ने कार को वहीं छोड़ दिया और जंगल के रास्ते भागने लगे। बताया जाता है कि युवकों ने भागने के लिए बिहार से दूसरी गाड़ी भी मंगवा ली थी, लेकिन पुलिस की दबिश ओर घाटी की घेराबंदी में पांचों युवक और एक नाबालिग बिहार झारखंड की सीमा पर ही पकड़ लिए गए। 

पांच गिरफ्तार, दो वाहन, पिस्टल और पांच मोबाइल जप्त

कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने रविवार की शाम नवलशाही थाना में प्रेस वार्ता में बताया कि घटना को लेकर 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले युवकों की गाड़ी टाटा नेक्सन, बोलेरो, पिस्टल, 6 खोखा और 5 मोबाइल को भी जब्त किया है।

 

एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों में दिलखुश सिंह (24, जमालपुर, पटना), आयुष कुमार (22, तेघरा, बेगूसराय), पिंटू कुमार (23, पथरा इंग्लिश, नवादा), गुलशन कुमार (23, काशीचक, नवादा) और सुधांशु कुमार (24, पथरा इंग्लिश, नवादा) शामिल हैं। एसपी ने बताया कि छापेमारी टीम में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी मुख्यालय पुरुषोत्तम कुमार सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, कोडरमा थाना प्रभारी सुजीत कुमार के अलावा विभिन्न थानों से अरविंद कुमार, विकास पासवान, सौरभ कुमार शर्मा, प्रवीण कुमार, बमबम कुमार और पुलिस बल के जवान शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More