Palamu News: आपदा वाले हॉटस्पॉट चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें : उपायुक्त

पलामू: समाहरणालय सभागार में गुरुवार को आपदा प्रबंधन एवं बचाव तैयारियों को लेकर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में संभावित आपदाओं की रोकथाम और आपात स्थिति में त्वरित बचाव कार्य सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि चैनपुर में हुई दुखद घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसे सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए संभावित आपदा वाले क्षेत्रों की पहले से पहचान कर वहां सुरक्षा एवं बचाव की आवश्यक व्यवस्था की जाए।
उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संभावित आपदा वाले हॉटस्पॉट चिन्हित करने का निर्देश दिया। इसमें नदी, तालाब, जलाशय, बंद पड़े पत्थर खदान, माइंस और पर्यटन स्थलों समेत ऐसे स्थानों को शामिल करने को कहा गया, जहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। चिन्हित स्थलों की सूची तैयार कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए उपायुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा समितियों से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाकर मूर्ति की ऊंचाई, पंडाल निर्माण की स्थिति, मूर्ति विसर्जन के रूट और विसर्जन स्थल के जलाशय की स्थिति की रिपोर्ट तैयार करने को कहा।
उन्होंने जरूरत के अनुसार विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि आपात स्थिति में बचाव कार्य में किसी तरह की देरी न हो।
उपायुक्त ने आपदा से जुड़ी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय के लिए डेडिकेटेड व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने का भी निर्देश दिया। साथ ही बंद पड़ी खदानों और माइंस को चिन्हित कर आवश्यकता के अनुसार बैरकेडिंग कराने पर जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने भी संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी, पुलिस बल की सक्रिय भूमिका और आवश्यक सुरक्षा उपायों को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक में सहायक समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला खनन पदाधिकारी, विभिन्न अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।


