Palamu News: हाउसिंग कॉलोनी में श्रीराम मंदिर की तर्ज पर सजेगा दुर्गा पूजा पंडाल, तीन दिन चलेगा महाभंडारा

पलामू : शहर के हाउसिंग कॉलोनी में इस वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव भव्य और आकर्षक अंदाज में मनाने की तैयारी की जा रही है। श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस बार अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर के प्रारूप पर पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। श्रीराम मंदिर की तर्ज पर तैयार होने वाला यह पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
समिति के संरक्षक संतोष कुमार ने दुर्गा पूजा के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हाउसिंग कॉलोनी में वर्ष 2000 में पूजा की शुरुआत हुई थी। तब से हर साल श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाती है। समय के साथ पूजा महोत्सव का स्वरूप और भव्य होता गया है। इस वर्ष भी आयोजन को यादगार बनाने के लिए समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।
तीन दिनों तक चलेगा महाभंडारा
संरक्षक संतोष कुमार ने बताया कि समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष सप्तमी, अष्टमी और नवमी को विशाल महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया जाता है। इन तीन दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन करने और महाप्रसाद ग्रहण करने पहुंचते हैं। इस वर्ष भी तीनों दिन महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा।
श्रीराम मंदिर की तर्ज पर बनेगा भव्य पंडाल
समिति के संरक्षक विवेक चौबे ने बताया कि इस बार पंडाल को विशेष रूप दिया जा रहा है। अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर के प्रारूप पर बन रहा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण होगा। समिति का प्रयास है कि दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्यता के साथ-साथ भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराया जाए।
तैयारियों में जुटे समिति के पदाधिकारी और सदस्य
पूजा महोत्सव को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति के अध्यक्ष जे. पी. शुक्ला, कार्यकारी अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, संरक्षक संतोष कुमार, विवेक चौबे और संजीव तिवारी, कोषाध्यक्ष राजन मेहता तथा सचिव चंदन सिन्हा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इनके साथ गौतम मेहता, हैंसी चौबे, कान्हा सिंह सहित समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।


