Palamu News: जन औषधि केंद्र पर महंगी दवाओं की बिक्री के आरोप, नगर पंचायत अध्यक्ष ने जांच की मांग

पलामू: अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद परिसर स्थित जन औषधि केंद्र को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित शिकायतों और आरोपों की जांच की मांग की गई है। हुसैनाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने 24 सितंबर 2026 को पलामू उपायुक्त को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कराने का आग्रह किया है।
पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि जन औषधि केंद्र पर गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को निर्धारित सस्ती जन औषधियों के स्थान पर अन्य महंगी ब्रांडेड दवाओं की बिक्री या आपूर्ति की जा रही है। साथ ही जन औषधि केंद्र के संचालन और अस्पताल परिसर में इससे संबंधित व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि मामला सीधे तौर पर गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवा उपलब्ध कराने से जुड़ा है। ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए आरोपों की वास्तविकता सामने आना जरूरी है।
उन्होंने उपायुक्त से अनुमंडलीय अस्पताल परिसर स्थित जन औषधि केंद्र की जांच के लिए संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित करने का अनुरोध किया है। जांच के दौरान केंद्र की अनुमति या स्वीकृति, दवा स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, बिल-कैश मेमो तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं की जांच कराने की मांग की गई है।
पत्र में सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों की भी जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। मामले की जानकारी के लिए पत्र की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी, हुसैनाबाद और सिविल सर्जन, पलामू को भी भेजी गई है।


