मुखिया के घर से मिला पेटियां में भरा शराब, बिहार में करता था तस्करी

पलामूः पलामू जिला के हरिहरगंज थाना पुलिस ने भगत तेंदुआ स्थित बेलौदर पंचायत के मुखिया उमेश साव के गोदाम से भारी मात्रा में अवैध रूप से रखी गई विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी व देसी शराब बरामद की है. जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां से शराब की एक बड़ी खेप को बिहार भेजा जाना है.

गुप्त सूचना आधार पर पुलिस ने छापामारी कर भूसे की ढेर में छिपाकर रखे गए देसी व अंग्रेजी शराब की सैकड़ों पेटियां बरामद की है. पुलिस के पहुंचने तक 6 पिकअप वाहन पर शराब की पेटियां लोड की जा चुकी थी. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है. अभी गोदाम में भारी संख्या में शराब रखा हुआ है. मौके पर हरिहरगंज थाना पुलिस की टीम जब्ती की कार्रवाई कर रही है.

बता दें कि यह इलाका बिहार राज्य से बिल्कुल सटा हुआ है. पड़ोसी राज्य में शराबबंदी के बाद बड़े पैमाने पर झारखंड से शराब की तस्करी की जाती रही है. पुलिस गोदाम मालिक मुखिया उमेश साव से पूछताछ की तैयारी कर रही है. जानकारी के अनुसार आरोपित मुखिया को गिरफ्तार भी किया जा सकता है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More