Palamu News : हुसैनाबाद के अली हसन ने थामा बसपा का दामन

अली हसन ने ग्रहण की बसपा की सदस्यता
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं का किया गया स्वागत, संगठन मजबूत करने पर दिया जोर

पलामू : झारखंड बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुसैनाबाद, पलामू के अली हसन समेत दर्जनों नेताओं ने बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की ओर से आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश के मुख्य प्रभारी डॉ. लालजी मेधानकर, नर्मदा प्रसाद अग्रवाल, रामचंद्र त्यागी और एचएल बौद्ध की मौजूदगी में सभी ने पार्टी की सदस्यता ली। डॉ. लालजी मेधानकर ने सभी नेताओं का स्वागत किया।

बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में हुसैनाबाद और हैदरनगर, पलामू के दर्जनों वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी शामिल हैं। इस मौके पर डॉ. लालजी मेधानकर ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले नेता बहुजन समाज पार्टी से जुड़े परिवारों की पृष्ठभूमि से आते हैं। इसलिए ये नए सदस्य नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर अपने परिवार में लौटे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अली हसन के जुड़ने से संगठन मजबूत होगा और बहुजन समाज पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

बहुजन समाज पार्टी में शामिल हुए हुसैनाबाद – हरिहरगंज विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं स्थानीय नेता अली हसन ने कहा कि पार्टी और बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया। उन्होंने मायावती के कार्यकाल के कई कार्यों का उल्लेख किया।

अली हसन ने कहा कि वह पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों से प्रभावित होकर इससे जुड़े हैं। उन्होंने कहा, “हमारी रग-रग में बसपा है। आज बहुजन समाज पार्टी के झंडे के नीचे आकर हमें गर्व की अनुभूति हो रही है।” उन्होंने कहा कि जब तक जीवित रहेंगे, पार्टी के लिए काम करेंगे। पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी को ईमानदारीपूर्वक निभाएंगे और संगठन को राज्य में शीर्ष पर पहुंचाने के लिए प्रयास करेंगे।

मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार, पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शेर अली, हुसैनाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, बीरेंद्र राम, मदन भारती, मोती कुमार, पियूष सुमन, सगीर अहमद, असलम अंसारी, प्रदीप मेहता, सागर जी, सदाम कादरी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Ajeet Kumar Pathak

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More