Lohardaga News: महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती धूमधाम से मनी

लोहरदगा: स्थानीय अग्रसेन भवन में अग्रवाल सभा, अग्रवाल यूथ सोसाइटी एवं अग्रवाल महिला कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में अग्रकुल प्रवर्तक महाराजाधिराज भगवान अग्रसेन की 5150वीं जयंती भव्य समारोह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. संदीप कुमार अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि डॉ. रश्मि प्रसाद, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अजय मित्तल, सचिव राजेश गोयल एवं कोषाध्यक्ष अनीश मित्तल समेत अन्य अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इसके बाद समाज की युवतियों ने भगवान श्री गणेश की वंदना और कुलदेवी माता महालक्ष्मी की आराधना प्रस्तुत की। अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों ने महाराजा अग्रसेन के जीवन, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसेन को अग्रवाल समाज का प्रवर्तक माना जाता है। उनके एक ईंट और एक रुपये के सिद्धांत ने समाज में सहयोग, समानता और सामूहिक विकास की भावना को मजबूत किया।
समारोह के दौरान विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सामान्य ज्ञान, वाद-विवाद, मेहंदी, लेखन, नृत्य, रंगोली, ‘आओ अंदाज लगाएं’ और संगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने खुले मंच से पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया।

कक्षा शिशु से लेकर उच्चतर शिक्षा तक उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और जिले का नाम रोशन करने वाले बच्चों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज के दो दर्जन से अधिक बुजुर्गों एवं सम्मानित अतिथियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी प्रासंगिक : डॉ. संदीप अग्रवाल
मुख्य अतिथि डॉ. संदीप अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के जीवन, विचार और आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने समाज में समानता, भाईचारे, आपसी सहयोग और जनकल्याण की भावना को बढ़ावा दिया। उनके आदर्शों को अपनाकर ही सशक्त और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अग्रसेन जयंती केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि महाराजा अग्रसेन के विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का दिन भी है। समाज की प्रगति के लिए सभी को एकजुट होकर शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक कल्याण के कार्यों में योगदान देना चाहिए। युवाओं को समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए तथा आपसी मतभेदों को दूर कर एकता और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव रखने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से उनके सिद्धांतों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के विकास में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
महाराजा अग्रसेन ने समाज को दी नई दिशा : अजय मित्तल
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने मानव समाज को नई दिशा और आयाम देने का कार्य किया। उनके विचारों और सिद्धांतों का अनुसरण करने से न केवल अग्रवाल समाज, बल्कि पूरे देश और राष्ट्र का विकास होगा। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को महाराजा अग्रसेन की सोच और आदर्शों से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उनके विचार आज भी समाज में एकता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन सोनाली अग्रवाल, भावना कुमारी और नंदन अग्रवाल ने किया। समारोह में ज्ञानचंद प्रसाद अग्रवाल, शशिधर अग्रवाल, चंद्रशेखर अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, कुमार नीरव, सुनील अग्रवाल, अविनाश कुमार, राहुल कौशल, कमल अग्रवाल, रीता अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, कनकलता अग्रवाल, बबली कुमारी, अभय अग्रवाल, लक्ष्मी मित्तल, अनीश मित्तल, राखी अग्रवाल और खुशबू अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के महिला, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित थे।


