Lohardaga News: उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की हुई बैठक

लोहरदगा: उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में लोहरदगा जिला केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों के साथ दुर्गा पूजा को लेकर आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की ओर से जिले में निर्माणाधीन दुर्गा पूजा पंडालों की संख्या, पंडालों में आवश्यक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, मेडिकल टीम, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी, अग्निशमन व्यवस्था एवं साफ-सफाई समेत दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इस दौरान कलश यात्रा, रामलीला मंचन, प्रतिमा विसर्जन एवं रावण दहन आदि कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में वोलेंटियर्स की प्रतिनियुक्ति करें : उपायुक्त
उपायुक्त ने सभी दुर्गा पूजा समितियों को अपने-अपने पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में वोलेंटियर्स की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी वोलेंटियर्स को पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाए तथा उनके लिए निर्धारित ड्रेस कोड रखा जाए, ताकि भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता मिल सके और व्यवस्था बनाए रखने में सुविधा हो। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विसर्जन स्थलों पर डेंजर जोन चिह्नित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें
उपायुक्त ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नगर क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन वाले सभी स्थलों का निरीक्षण कर डेंजर जोन चिह्नित करने एवं वहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विसर्जन के दौरान सुरक्षा के लिए गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा। त्योहार को देखते हुए नगर क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, पूजा समितियों की आवश्यकता के अनुसार पानी के टैंकर, चलंत शौचालय एवं पर्याप्त संख्या में डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रमुख स्थलों एवं आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
पूजा पंडालों में मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति का निर्देश
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को पूजा समितियों की आवश्यकता के अनुसार चिन्हित स्थलों पर मेडिकल टीम एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
विद्युत एवं अग्निशमन व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
उपायुक्त ने विद्युत विभाग को पूजा पंडालों एवं आयोजन स्थलों में सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत तारों एवं कनेक्शनों की जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही पूजा पंडालों में अग्निशमन उपकरण एवं आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्रवेश एवं निकास द्वार अलग-अलग रखने का निर्देश : पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने सभी पूजा समितियों को पूजा पंडालों में प्रवेश एवं निकास द्वार अलग-अलग रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए पंडालों में सुचारू आवागमन की व्यवस्था आवश्यक है।
उन्होंने सभी पूजा समितियों को अपने-अपने वोलेंटियर्स के मोबाइल नंबर पूजा पंडालों में प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनसे तत्काल संपर्क किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूजा एवं अन्य कार्यक्रमों के आयोजन को देखते हुए कार्यक्रम के अनुरूप ट्रैफिक व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। उन्होंने सभी पूजा समितियों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजन करने की अपील की।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, पुलिस उपाधीक्षक समीर तिर्की, सभी संबंधित अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी तथा केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य उपस्थित थे।


