आजादी के बाद पहली बार कोई पीएम लोहरदगा आ रहे हैं: मुख्यमंत्री

पार्टी जीत को लेकर कार्यकर्ताओं संग बनायी रणनीति

लोहरदगा: मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार को लोहरदगा पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं संग चुनावी रणनीति पर मंथन करने के बाद उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लेकर अब तक में पहली बार देश का कोई प्रधानमंत्री  लोहरदगा आ रहे हैं। गौरतलब हो कि पीएम नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को यहां पहुँच रहे हैं। यहां की लोकसभा सीट से तीसरी बार भारत सरकार में ग्रामीण राज्य मंत्री सांसद सुदर्शन भगत को भाजपा ने टिकट दिया है। सीएम ने कहा कि लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी सुदर्शन भगत का सुदर्शन चक्र चलेगा, जो असुरी शक्तियों का समूल नाश कर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाएगा।
सीएम ने कहा कि लोहरदगा की जनता को इंतजार है उस दिन का जब एक बार फिर नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे, क्योंकि देश की जनता सुरक्षा व विकास चाहती है। सीएम ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में झारखंड के लातेहार का सरयू, सारंडा व लोहरदगा का पेशरार बदल चुका है। जहां साढ़े 4 साल पहले तक इन जगहों में बिजली, सड़क नहीं थी, उग्रवाद चरम पर था। वहां अब बिजली है, सड़क है व उग्रवाद नहीं है। यह प्रधानमंत्री के प्रयास का प्रतिफल है कि विगत साढ़े 4 साल में झारखंड के 30 लाख घरों को बिजली से रोशन किया गया। मोदी जी इस बात से अनभिज्ञ नहीं थे कि राज्य के 68 लाख घरों में से मात्र 38 लाख घरों तक बिजली पहुंची है। इसलिए सरकार गठन के बाद से ही प्रधानमंत्री के दिशा निर्देश पर राज्य सरकार ने शेष बचे 30 लाख घरों को रोशन करने की कवायद प्रारम्भ कर उसे पूरा भी कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश के विकास के लिए कठोर निर्णय लिए गए। यह बात देश की जनता जानती है। उन्हें पता है कि गांव, गरीब, किसान के लिए कार्य हुए हैं फिर वो प्रधानमंत्री आवास योजना हो, आयुष्मान भारत योजना हो, देश की महिलाओं के लिए उज्ज्वला योजना, बहनों के लिए शौचालय का निर्माण और युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार हेतु प्रयास हुए हैं। इसलिए आज जनता चाहती है कि मोदीजी की सरकार बने।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More