Koderma News: मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी में दीपावली एवं छठ महापर्व का भव्य आयोजन, रंगोली और दीया सजावट में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा

मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी में दीपावली एवं छठ महापर्व पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थी।
आस्था, संस्कृति और रचनात्मकता का दिखा संगम, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को दीपावली उपहार देकर किया गया सम्मानित

कोडरमा: भारतीय संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था के रंगों से मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी, डोमचांच का परिसर शनिवार को सराबोर रहा। दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर विद्यालय में भव्य सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने दीया सजावट, रंगोली, तोरण निर्माण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, पारंपरिक विरासत एवं लोक आस्था से परिचित कराने के साथ उनमें रचनात्मकता, कलात्मक अभिरुचि, सामूहिक सहभागिता और नैतिक मूल्यों का विकास करना था।

इस अवसर पर विद्यालय में दीया सजावट, दीया निर्माण, रंगोली निर्माण, तोरण निर्माण, फैंसी ड्रेस, ग्रीटिंग कार्ड निर्माण एवं कक्षा-सज्जा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। आकर्षक रंगोलियों, सजे हुए दीयों, सुंदर तोरणों और रचनात्मक कक्षा-सज्जा ने सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय के अध्यक्ष प्रो. डॉ. केपी शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का त्योहार नहीं है, बल्कि जीवन में ज्ञान, सत्य, सदाचार और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का संदेश देता है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने तथा अनुशासन, विनम्रता, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

छठ महापर्व की महत्ता बताते हुए उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय लोक संस्कृति, अटूट आस्था, अनुशासन, स्वच्छता, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम प्रतीक है। सूर्यदेव एवं छठी मैया की आराधना हमें प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण की स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देती है।

विद्यालय के निदेशक रजनीश जी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

वहीं, विद्यालय के प्रशासक आरपी पांडेय ने कहा कि दीपावली और छठ जैसे महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति से गहराई से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एके पांडेय ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से परिपूर्ण करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण के अनुकूल, सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने तथा त्योहारों की खुशियां समाज के सभी वर्गों के साथ साझा करने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की उपस्थिति रही। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को दीपावली के उपहार भेंट कर उनके समर्पण और योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More