Koderma News: आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर सीएच हाई स्कूल मैदान में नगर एकत्रीकरण कार्यक्रम संपन्न

सीएच हाई स्कूल मैदान में ध्वज प्रणाम करते आरएसएस के स्वयंसेवक।

कोडरमा: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के निमित्त नगर एकत्रीकरण कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय सीएच हाई स्कूल मैदान में किया गया। इसमें संघ के विभिन्न आयु वर्गों के स्वयंसेवक एकत्र हुए। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं प्रार्थना के साथ शाखा लगाकर की गई। इसके बाद स्वयंसेवकों को अलग-अलग आयु वर्ग की टोलियों में विभाजित कर खेलकूद, योगासन एवं सूर्य नमस्कार कराया गया।

खेल एवं शारीरिक कार्यक्रम का संचालन सह जिला कार्यवाह सुनील रजक, जिला संपर्क प्रमुख दिलीप सिंह, नगर खंड विस्तारक परितोष कुमार, नगर सह कार्यवाह रवि कुमार एवं सिद्धि प्रसाद ने किया। मुख्य शिक्षक की भूमिका नगर शारीरिक शिक्षण प्रमुख अमित कुमार ने निभाई। बौद्धिक सत्र में संपर्क टोली के सदस्य अजय अग्रवाल ने ‘पंच परिवर्तन’ की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि पंच परिवर्तन की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर और परिवार से करनी चाहिए, ताकि इसका प्रभाव समाज और देश तक पहुंचे। उन्होंने स्वयंसेवकों से इन पांचों बिंदुओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्व-बोध के तहत अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप भजन, भोजन, भारत भ्रमण एवं पहनावे को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि भाषा समाज और देश को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कुटुंब प्रबोधन के तहत परिवार को एकजुट रखने पर जोर देते हुए कहा गया कि सप्ताह में कम से कम एक दिन परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर भोजन करें और भजन आदि में सहभागी बनें। वहीं सामाजिक समरसता के तहत समाज में समानता और अपनत्व की भावना विकसित करने की बात कही गई। कहा गया कि पानी, मंदिर और मुक्ति-धाम सभी के लिए समान हों और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ घुल-मिलकर रहने की भावना विकसित हो।

नागरिक कर्तव्य के तहत केवल अधिकारों की बात नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का पालन करने और नियमों का सम्मान करने का संदेश दिया गया। पर्यावरण संरक्षण के तहत पानी बचाने, अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा प्लास्टिक का उपयोग यथासंभव कम करने का आह्वान किया गया। कहा गया कि प्रकृति से हम बहुत कुछ लेते हैं, इसलिए वर्षा जल संरक्षण के साथ प्रकृति को लौटाने की जिम्मेदारी भी हमारी है।

कार्यक्रम के अंत में नगर खंड विस्तारक परितोष कुमार ने प्रार्थना गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद सामूहिक ध्वज प्रणाम हुआ। चंदन कार्यक्रम के निमित्त उपस्थित स्वयंसेवकों के बीच गुड़-चना का वितरण किया गया। कार्यक्रम में नगर संचालक रामावतार केसरी, प्रिंस कुमार, केशव कुमार, रमेश सिंह, अनूप जोशी, चंद्रशेखर जोशी, प्रकाश राम, आनंद मोहन, कृष्णकांत दुबे, विनोद भदानी, हरी पंडित, राजकिशोर प्रसाद, सुरेश प्रसाद, संजय गुप्ता, जगदीश यादव, अशोक झा, कन्हैया आचार्य, विकास सेठ, अजय वर्मा, रमेश उपाध्याय, विजय नारायण, नारायण सिंह, नीरज कर्ण, पप्पू भदानी, मनोज चंद्रवंशी, योगेंद्र प्रसाद, अरविंद एकघरा, महादेव दास, विकास जैन सहित अन्य गणमान्य लोग एवं स्वयंसेवक उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More