Koderma News: स्टेशन पर 48 बोतल शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार, बिहार ले जाकर बेचने की थी तैयारी

कोडरमा: कोडरमा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने शुक्रवार रात ऑपरेशन सतर्क चलाकर 48 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कुल मात्रा 24 हजार मिलीलीटर है, जिसकी कीमत करीब 7,200 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार, निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में जवान स्टेशन पर प्रतिबंधित सामानों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे प्लेटफॉर्म संख्या चार स्थित एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) के पास दो युवक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में मिले।
दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आरपीएफ जवानों ने उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान बरही थाना क्षेत्र के सूरज यादव (20) और सचिन कुमार यादव (23) के बैग से क्रमशः 24 बोतल गॉडफादर सुप्रीम स्ट्रांग बीयर और 24 बोतल किंगफिशर सुप्रीम स्ट्रांग बीयर बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों युवकों ने आरपीएफ को बताया कि वे शराब को बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी में थे। इसके बाद आरपीएफ ने शराब जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ पोस्ट कोडरमा में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त शराब और दोनों आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, कोडरमा को सौंप दिया गया।


