Koderma News: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस और परिवहन विभाग ने की कार्रवाई

कोडरमा: राष्ट्रीय राजमार्ग समेत जिले के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोडरमा पुलिस ने शनिवार को विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कोडरमा कुमार शिवाशीष के निर्देश पर पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे अवैध एवं लापरवाहीपूर्वक खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क किनारे बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खड़े 32 भारी वाहनों और छह छोटे वाहनों समेत कुल 38 वाहनों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध जुर्माना लगाया गया। यह विशेष चेकिंग अभियान चंदवारा थाना क्षेत्र के एनएच समेत जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर चलाया गया। पुलिस टीम ने मौके पर वाहन चालकों और मालिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए स्पष्ट हिदायत दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करें।
विशेष रूप से मोड़, पुल, चौक, सर्विस लेन तथा ऐसे स्थानों पर वाहन खड़ा करने से बचने को कहा गया, जहां इससे दूसरे वाहनों की आवाजाही बाधित हो सकती है और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। पुलिस ने वाहन चालकों को समझाया कि सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन न केवल यातायात को प्रभावित करते हैं, बल्कि रात के समय दुर्घटनाओं का बड़ा कारण भी बन सकते हैं। इसके बावजूद दोबारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
कोडरमा पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम लोगों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। पुलिस ने वाहन मालिकों एवं चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की है।


