Koderma News: महाराणा प्रताप चौक पर खाद्य सुरक्षा व तंबाकू नियंत्रण टीम का विशेष जांच अभियान

महाराणा प्रताप चौक पर खाद्य सामग्रियों का निरीक्षण करते अधिकारी।

कोडरमा: आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं तंबाकू नियंत्रण को लेकर शुक्रवार को महाराणा प्रताप चौक के आसपास विशेष जांच अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी और जिला तंबाकू नियंत्रण टीम ने संयुक्त रूप से ढाबों, होटलों, किराना दुकानों तथा ठेला-खोमचा का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 18 दुकानों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ किराना दुकानों में एक्सपायरी तिथि पार कर चुके कोल्ड ड्रिंक्स और चिप्स मिले, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया।

वहीं, कोलकाता बिरयानी ढाबा में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्रदर्शित नहीं पाया गया। प्रतिष्ठान में गंदगी और एक्सपायरी तिथि पार कर चुका दूध मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया। जांच के दौरान कहीं भी मिलावटी पनीर नहीं मिला। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बिना लाइसेंस कारोबार करने वाले खाद्य विक्रेताओं को जल्द लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया। दुकानदारों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करने को कहा गया।

पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर खाद्य सुरक्षा लाइसेंस संख्या, निर्माता का नाम-पता, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और फूड स्टॉल संचालकों को पनीर, खोआ, मिठाई सहित अन्य खाद्य सामग्री विश्वसनीय एवं लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों से खरीदने तथा खरीदारी का पक्का बिल रखने को कहा गया। एक्सपायरी, बासी और सड़ी-गली खाद्य सामग्री को तत्काल हटाकर नष्ट करने का निर्देश भी दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर आगामी जांच में अर्थदंड सहित अन्य कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More