Koderma News: गांधी जयंती पर छात्र बने गांधीजी, मंच पर साकार किया दांडी मार्च

कोडरमा: मेरिडियन अकादमी, गुमो में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा, देशभक्ति और उनके आदर्शों के संदेश के साथ प्रार्थना सभा में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य उत्तम कुमार लाहा द्वारा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी श्रद्धा-सुमन अर्पित कर राष्ट्रपिता को नमन किया।
इस अवसर पर प्राचार्य उत्तम कुमार लाहा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के जीवन, सत्य, अहिंसा, सादगी और स्वच्छता के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधीजी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने तथा स्वच्छ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5 की छात्रा अमयरा राज और कक्षा 6 की छात्रा श्रिधि बरनवाल ने महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित कविता प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुति ने प्रार्थना सभा में उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को गांधीजी के आदर्शों से भावनात्मक रूप से जोड़ा।
वहीं, कक्षा 8 के छात्र सार्थक बरनवाल और शैलेश वर्मा ने महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्य के माध्यम से सत्य और अहिंसा के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उस समय मिला, जब एक विद्यार्थी महात्मा गांधी के वेश में उपस्थित हुआ। उसके साथ विद्यार्थियों के समूह ने दांडी मार्च की जीवंत प्रस्तुति देकर गांधीजी के ऐतिहासिक आंदोलन को मंच पर साकार किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने नमक सत्याग्रह और गांधीजी के अहिंसात्मक आंदोलन का संदेश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के चारों हाउस—गंगा, गोदावरी, कावेरी और कृष्णा के कैप्टन एवं वाइस कैप्टन अपने-अपने बैज और झंडों के साथ अनुशासित रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी हाउस के झंडों और बैज के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना दिखाई दी।
गांधी जयंती के इस आयोजन ने विद्यार्थियों को केवल महात्मा गांधी के जीवन से परिचित ही नहीं कराया, बल्कि सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश भी दिया।


