Koderma News: धनबाद मंडल ने खाली मालगाड़ियों की सफाई के लिए कार्य आवंटन प्रक्रिया की शुरू

कोडरमा: माल परिवहन से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने तथा रेल परिचालन एवं अनुरक्षण व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल ने खाली मालगाड़ियों के रेक के वैगनों की सफाई से संबंधित कार्य आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्य निविदा के माध्यम से कराया जाएगा।
धनबाद मंडल के पतरातू, पाथरडीह, बरवाडीह एवं ओबरा में खाली माल रेक के परीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार के वैगनों की सफाई का कार्य कराया जाएगा। इसमें कई प्रकार के वैगन शामिल हैं। सफाई के दौरान निकलने वाले अवशेष पदार्थों का समुचित निस्तारण तथा सफाई के बाद वैगनों के दरवाजे बंद करने का कार्य भी निविदा के दायरे में रखा गया है।
तीन वर्षों में 19.17 करोड़ रुपये राजस्व मिलने का अनुमान
पूर्व मध्य रेल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह अर्निंग आधारित निविदा है। इसके माध्यम से रेलवे को अगले तीन वर्षों में लगभग 19.17 करोड़ रुपये की राजस्व राशि प्राप्त होने की उम्मीद है। कार्य आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने से संबंधित स्थानों पर खाली माल रेक के वैगनों की सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, माल वैगनों की सफाई और अनुरक्षण से संबंधित कार्यों को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे माल रेक की जांच एवं अनुरक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ रेल परिचालन में बेहतर कार्य-व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने उक्त जानकारी दी।


