Koderma News: जमीन हड़पने और फर्जी दाखिल-खारिज के खिलाफ अंचल कार्यालय के समक्ष धरना

कोडरमा: पुश्तैनी जमीन को कथित रूप से हड़पने और फर्जी तरीके से दाखिल-खारिज कराए जाने के विरोध में डोमचांच अंचल कार्यालय परिसर में सोमवार को पीड़ित वासुदेव सिंह उर्फ वकील सिंह और उनके परिजनों ने एक दिवसीय धरना दिया। धरना के माध्यम से पीड़ित परिवार ने अपनी जमीन की सुरक्षा तथा कथित रूप से कराए गए दाखिल-खारिज को रद्द कराने की मांग की।
धरना के बाद पीड़ित वासुदेव सिंह, निवासी वार्ड संख्या-10, डोमचांच ने अंचल अधिकारी रविंद्र कुमार पांडेय के माध्यम से कोडरमा उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने जमीन से संबंधित मामले में कथित धोखाधड़ी और मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अमीन और मुंशी की कथित मिलीभगत से उनके रिश्तेदारों के नाम पर मौजूद जमीन को धोखे से दूसरे लोगों के नाम दाखिल-खारिज करा दिया गया। वासुदेव सिंह ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में मनोज रजक, बंटी कुमार रजक और संजीव कुमार रजक की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त लोगों द्वारा कथित रूप से मिलकर जमीन से जुड़े मामलों में दबाव बनाया जाता है और विवाद उत्पन्न किया जाता है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि संबंधित जमीन के बंटवारे से जुड़ा वाद वर्तमान में कोडरमा न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद उक्त जमीन की रजिस्ट्री की प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन से संबंधित अभिलेखों की जांच करने तथा न्यायालय में मामला लंबित रहने के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है। धरना के दौरान पीड़ित परिवार ने कहा कि उनकी पुश्तैनी जमीन की सुरक्षा और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


