Koderma news: यमराज को लेकर सड़कों पर निकले एसपी, बोले नियम तोड़ने पर कहीं भी हो सकता है सामना

कोडरमा: वाहन चालकों के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद आवश्यक होता है, लेकिन कई बार लोग जल्दीबाजी और लापरवाही में इसे दरकिनार कर दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान की शुरुआत की गयी है। जिला परिवहन कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के द्वारा विभिन्न इलाकों में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर जागरूकता रथ को रवाना किया गया। मौके पर एसपी ने कहा कि जिले के सभी थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया जाएगा। इसमें संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी भी मुख्य रूप से शामिल रहेंगे। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने दो पहिया वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ हमेशा हेलमेट पहन कर वाहन चलाने की अपील की। वहीं उन्होंने दो पहिया वाहन के पीछे बैठने वाले लोगों को भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की। इसके अलावा चार पहिया और बड़े वाहन चालकों को वाहन चलाते समय हमेशा सीट बेल्ट लगाने, शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने, यातायात नियम के तहत निर्धारित स्पीड लिमिट में वाहन चलाने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से निकली सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ में एक पुलिस का जवान यमराज की वेशभूषा में दिखा। एसपी ने कहा कि जागरूकता रथ में यम की शक्ल में पुलिस जवान को शामिल करके लोगों को यह भी संदेश दिया जा रहा है कि यदि लोग नियमों की अनदेखी करेंगे तो उनका यमराज से कभी भी सामना हो सकता है। उन्होंने बताया कि यदि लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे तो जागरूकता अभियान के बाद लोगों से परिवहन अधिनियम के तहत जुर्माना वसूलने की भी कार्यवाही की जाएगी


