Koderma News: चुनाव से पहले करोड़ों की बरामदगी, मंगानी पड़ी नोट गिनने की मशीन

छापेमारी में करोड़ों रुपये नकद के अलावा सोना और मादक पदार्थ भी बरामद होने की सूचना है. बताया गया कि सुखदेव रजक हजारीबाग जिले के बरही में होटल का संचालन करता है. इसके अलावा वह अवैध कार्यों से भी जुड़ा हुआ है. 

कोडरमा: कोडरमा जिले के एक गांव में भारी मात्रा में कैश मिलने से हड़कंप मच गया है. कोडरमा थाना के लरियाडीह पंचायत के वृंदा गांव में सुखदेव रजक नाम के व्यक्ति के घर पर छापेमारी में करोड़ों रुपये बरामद होने की सूचना है. बीती रात 2 बजे से कोडरमा पुलिस सुखदेव रजक के घर पर रेड कर रही है. इधर मंगलवार की सुबह मौके पर 2 काले रंग के बैग के साथ इनकम टैक्स की टीम भी पहुंची. जानकारी के अनुसार छापेमारी में करोड़ों रुपये नकद के अलावा सोना और मादक पदार्थ भी बरामद होने की सूचना है. बताया गया कि सुखदेव रजक हजारीबाग जिले के बरही में होटल का संचालन करता है. इसके अलावा वह अवैध कार्यों से भी जुड़ा हुआ है. 

मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ कोडरमा एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह खुद मौजूद हैं. बरामद नकद रुपये को गिनने के लिए काउंटिंग मशीन भी मंगायी गयी है. इसके अलावा 2 काले बैग लेकर इनकम टैक्स विभाग के चार लोग भी वहां पहुंच गए हैं. सूत्रों ने बताया कि सुखदेव रजक की उम्र महज 40 वर्ष है और हाल में ही यूपी के जौनपुर में भी उसने अपना व्यवसाय शुरू किया था. छापेमारी में अबतक 70 लाख रुपये से अधिक की गिनती हो चुकी है और गिनती अभी जारी है. वहीं मौके से भारी मात्रा में गोल्ड और अफीम के कुछ पाउच भी मिलने की बात सामने आ रही है. कोडरमा पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर रखा है. इधर छापेमारी की भनक लगते ही मकान मालिक सुखदेव रजक फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

सूचना मिलने पर हुई कार्रवाई: एसपी

कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने मंगलवार की संध्या प्रेस वार्ता कर बताया कि वृंदा गाँव स्थित उक्त निवास में अवैध रूप से अफीम एवं अफीम के व्यापार के पैसा रखे होने की सूचना मिली थी. उसी आलोक में एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. मंगलवार की सुबह छापेमारी में एक करोड़ 7 लाख 10320 रुपये नकद और 58 ग्राम अफीम बरामद किया गया. साथ ही रोहित कुमार नामक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में कोडरमा थाना कांड संख्या 228/24 दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि वहां से दो मोबाइल के साथ एक महिंद्र स्कॉर्पियो और एक महिंद्र एसयूवी भी जप्त किया गया है. यह पूछे जाने पर कि बरामद रकम चुनाव से सम्बंधित तो नहीं है, एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि इस बाबत भी अनुसंधान किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि छापेमारी में पुलिस उपाधीक्षक दिवाकर कुमार, कोडरमा थाना प्रभारी सुजीत कुमार, जयनगर थाना प्रभारी बबलू कुमार, कोडरमा जिला बल के विकास पासवान, महिला थाना प्रभारी पिंकी रानी के अलावा सुबोध कुमार ओझा, अनुरंजन कुमार एवं अन्य जवान शामिल थे.

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More