झारखंड में कोरोना के सिर्फ 221 सक्रिय मरीज, 24 घंटे में एक भी मौत नहीं

रांची : झारखंड में रविवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में कोरोना से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। इस दौरान राज्य में 42 मरीज स्वस्थ हुए, जबकि नए मरीजों की संख्या केवल 37 रही।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रांची से नौ, बोकारो से सात, देवघर से पांच, धनबाद और सिमडेगा से चार-चार जबकि पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) से तीन नए मरीज मिले हैं। खूंटी से दो, जबकि पाकुड़, रामगढ़ और साहेबगंज जिलों में एक-एक नए मरीज की पहचान हुई है।
राज्य में कोरोना मरीजों की कुल संख्या तीन लाखए 47 हजार, 373 थी। इनमें से तीन लाख, 42 हजार, 022 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना से राज्य में पांच हजार, 130 लोगों की मौत हो गई। इस समय राज्य में 221 सक्रिय मरीज हैं। कुल एक करोड़, 20 लाख, 33 हजार 914 सैंपल की जांच की गयी है। झारखंड में कोरोना की रिकवरी रेट 98.45 प्रतिशत है।
राजधानी रांची में पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक नौ नए मरीज मिले है। इस समय जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 61 है। पिछले 24 घंटों में राजधानी के अस्पतालों से पांच मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। जिले में कुल 85 हजार, 391 सक्रिय मरीज मिले थे, जिनमें 83 हजार, 748 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं।


