अपराध मुक्त झारखंड बनाना प्राथमिकता: रघुवर

– 25 वर्ष बाद किसी सरकार में 2504 अवर निरीक्षकों की नियुक्ति
– एलएमजी, एके-47, इंसास, राकेट लांचर, मैप रीडिंग, जीपीएस संचालन सहित सभी अत्याधुनिक तकनीक से लैश हैं नवनियुक्त पदाधिकारी
हजारीबाग: लंबे अंतराल के बाद झारखंड को 2504 सब इंस्पेक्टर मिल गए। राज्य गठन के बाद उग्रवाद हमें विरासत में मिली। 2014 के बाद से उग्रवाद पर नियंत्रण का हमने भरपूर प्रयास किया, जिसमें हमें सफलता भी मिली। अब आपके आ जाने से राज्य में कार्यरत 70 हजार पुलिसकर्मियों को आपका सहयोग मिलेगा। प्रशिक्षण के दौरान भी आपने राज्य की विधि व्यवस्था का कुशलता पूर्वक निर्वहन किया है। आप सभी के प्रशिक्षण से पूर्व प्रशिक्षण का कार्य झारखंड से बाहर अन्य राज्य में होता था। उक्त बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोमवार को हजारीबाग में आयोजित पुलिस अवर निरीक्षकों के पारण परेड समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही।
इनमें 2296 परुष और 210 महिला सब इंस्पेक्टर शामिल हैं। सब- इंस्पेक्टर का प्रशिक्षण पानेवालों में 256 बीटेक और 9 एमटेक डिग्रीधारी भी शामिल हैं। सब इंस्पेक्टर के लिए हुई परीक्षा में झारखंड के अलावा बिहार, यूपी, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, बंगाल, हरियाणा के भी अभ्यर्थियों ने सफल होकर प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इन्हें जेपीए हजारीबाग, जेडब्लूएफएस नेतरहाट और जेएपीटीसी पदमा में भी प्रशिक्षण दिया गया है। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों को बधाई दी और उम्मीद जतायी कि वे सभी झारखंड को उग्रवाद व अपराध मुक्त बनाने में अपना योगदान देंगे। कहा कि आज के समारोह में आये नवनियुक्त अवर निरीक्षकों के मातापिता खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं इनका गौरव यूं ही बरकरार रहे, इसलिए सभी पूरी ईमानदारी से कार्य करते हुए जनता से मित्रवत संबंध बनाएंगे। इस मौके पर कुल 2504 पुलिस अवर निरीक्षकों ने पारण परेड में कर्तव्य निर्वहन की शपथ ली।
झारखण्ड को आज 2,504 नए पुलिस अधिकारी मिले हैं जिसमें 138 महिला अधिकारी शामिल हैं।
अपराध मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त और उग्रवाद मुक्त झारखण्ड बनाने में आपका योगदान अहम रहेगा। pic.twitter.com/q6NALQjjYM
— Raghubar Das (@dasraghubar) October 14, 2019


