Hazaribagh News: जीएम संध्याकालीन महाविद्यालय हजारीबाग में मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना का 57वां स्थापना दिवस

हजारीबाग: जी.एम. संध्याकालीन महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने लक्ष्य गीत प्रस्तुत कर राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के सचिव शम्भु कुमार ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में अनुशासन के साथ-साथ समाजसेवा की भावना विकसित करता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज के कमजोर, जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य विनय कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से एनएसएस की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
परीक्षा नियंत्रक रंजन कुमार ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. उमेश ठाकुर ने एनएसएस की स्थापना और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएसएस भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित युवा कार्यक्रम है।
इसकी स्थापना वर्ष 1969 में महात्मा गांधी की जन्म शताब्दी के अवसर पर युवाओं के सर्वांगीण विकास तथा उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने बताया कि एनएसएस का आदर्श वाक्य ‘मैं नहीं, बल्कि आप’ है, जो निस्वार्थ सेवा और सामुदायिक जुड़ाव की भावना को प्रदर्शित करता है। कार्यक्रम के दौरान नए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना की सदस्यता भी दिलाई गई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर एनएसएस सदस्यों राहुल कुमार, ज्योति कुमारी एवं कोमल कुमारी के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं समाज कल्याण के प्रति समर्पित रहने के संकल्प के साथ हुआ। धन्यवाद ज्ञापन अर्थशास्त्र के शिक्षक एवं पूर्व एनएसएस पदाधिकारी विनय कुमार मेहता ने किया। मौके पर महाविद्यालय के शिक्षक रेयाज अहमद, कुंदन शर्मा, अभिनव कुमार, मनोज कुमार राणा, आशीष कुमार पांडे, पवन कुमार सिंह सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


