Hazaribagh News: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में खास महाल प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक

हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में आज खास महाल प्रकोष्ठ के कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में खास महाल भूमि सर्वेक्षण कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने विगत पांच वर्षों में किए गए लीज नवीकरण से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने खास महाल भूमि से संबंधित सभी सर्वेक्षण कार्यों को पूर्ण कर निर्धारित रिपोर्ट 30 अक्टूबर तक समर्पित करने का निर्देश दिया, ताकि इसके आधार पर आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जा सके।
उन्होंने खास महाल की पुनर्ग्रहित भूमि से संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि उक्त भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके। साथ ही, खास महाल भूमि की मौजावार सूची की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अभिलेखों की समीक्षा की।
बैठक में उपायुक्त ने खास महाल भूमि के सलामी एवं लगान की वसूली से संबंधित अद्यतन संकल्प, प्रावधानों एवं विधि की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने खास महाल भूमि से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने, डिजिटल संधारण करने तथा निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर जोर दिया।

