Hazaribagh News: जनसंपर्क अभियान में समाजसेवियों को किया गया आमंत्रित

हजारीबाग रत्न अवार्ड के लिए समाजसेवियों को आमंत्रित करती हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट की टीम।

हजारीबाग: ‘हज़ारीबाग रत्न’ अवार्ड को लेकर हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम को व्यापक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ट्रस्ट की टीम द्वारा जिले में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हज़ारीबाग के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय समाजसेवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, खिलाड़ियों, युवाओं एवं सामाजिक संस्थाओं से मुलाकात कर उन्हें आगामी 02 अक्टूबर 2026 को आयोजित जिला स्तरीय वार्षिक सम्मान समारोह एवं सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

जनसंपर्क के दौरान ट्रस्ट की टीम ने ‘हज़ारीबाग रत्न’ की परिकल्पना और इसके उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 16 प्रखंडों में समाजहित, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, खेल, नशामुक्ति एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित करने का प्रयास किया जा रहा है।

समाजसेवियों ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों को सम्मान और पहचान मिलने से उनका उत्साह बढ़ता है, तथा अन्य लोगों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है। जनसंपर्क अभियान के माध्यम से कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी है।

लेखक के बारे में

By Purushottam Upadhyay

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More