Hazaribagh News: उपायुक्त की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों संग बैठक, मतदाता पुनरीक्षण की समीक्षा

हजारीबाग: मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2026 के तहत जिले में दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। इसी क्रम में आज दिनांक 05.10.2026 को उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष/सचिव के साथ बैठक आयोजित कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा दिनांक 26.09.2026 को जारी प्रेस नोट के आलोक में SIR-2026 के अंतर्गत नो मैपिंग एवं विसंगति वाले मामलों में जारी नोटिस से संबंधित मतदाताओं की ऑनलाइन सुनवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर दस्तावेज संकलित करने एवं उन्हें ECINet में अपलोड करने का कार्य किया जा रहा है। संबंधित मतदाताओं को ERO/AERO कार्यालय में सुनवाई हेतु बुलाने की आवश्यकता नहीं है।
कार्मिक विभाग के आदेशानुसार सभी अंचल अधिकारियों को ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र नियमानुसार निर्गत करने हेतु निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी ERO/AERO अपने बी.एल.ओ. को घर-घर जाकर दस्तावेज संकलित करने का निर्देश देना सुनिश्चित करेंगे
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से मतदाताओं के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं, ताकि जिन मतदाताओं को मैपिंग एवं विसंगति के मामलों में ERO/AERO स्तर से नोटिस जारी किया गया है, वे अपने निर्धारित दस्तावेज की प्रति संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकें।
विधानसभा क्षेत्रवार नोटिस एवं दस्तावेज अपलोड की स्थिति
जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3,76,795 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 2,97,021 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं तथा 1,16,147 मामलों में ERO/AERO स्तर से संबंधित दस्तावेज अपलोड किए गए हैं। शेष 2,60,648 मामले हैं।
नए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए 05 अक्टूबर को विशेष अभियान
बैठक में बताया गया कि 01.10.2026 की अर्हता तिथि के आधार पर नए पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से दिनांक 05.10.2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रपत्र-6 भरने एवं डिजिटाइजेशन हेतु विशेष कैंप आयोजित किया गया।
सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को संबंधित बीएलओ को अपने मतदान केंद्र पर पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक उपस्थित रहकर अधिक से अधिक संख्या में प्रपत्र-6 प्राप्त करने एवं डिजिटाइजेशन कराने का निर्देश दिया गया है।
दावे एवं आपत्ति के चरण में प्राप्त प्रपत्रों की स्थिति
जिले में दावे एवं आपत्ति चरण के तहत अब तक कुल 78,779 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं।
वृद्ध मतदाताओं के दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर रिवर्स मैपिंग से सत्यापन
विभागीय निर्देश के आलोक में वृद्ध मतदाताओं के मामले में यदि उनके नाम पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, तो मतदाता सूची में दर्ज पुत्र-पुत्री के दस्तावेज के आधार पर रिवर्स मैपिंग से सत्यापन किया जा सकेगा। ऐसी स्थिति में संबंधित दस्तावेज में माता-पिता का नाम दर्ज होना आवश्यक होगा।
मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क एवं टोल फ्री नंबर 1950
मतदाताओं की सहायता के लिए जिला स्तर एवं प्रखंड स्तर पर हेल्प डेस्क निरंतर कार्यरत हैं। मतदाता निर्वाचन से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर सकते हैं।
राजनीतिक दलों में आम आदमी पार्टी से शशि कुमार सिंह, भारतीय जनता पार्टी से जयनारायण मेहता, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया(मा0) से गणेश कुमार सीटू, इंडियन नेशनल कांग्रेस से निसार खान, आजसू से विजय वर्मा, झारखण्ड मुक्ति मोर्चा से सुनील कुमार शर्मा, राष्ट्रीय जनता दल से प्रदीप कुमार मेहता तथा बहुजन समाज पार्टी से शीला देवी उपस्थित थे।


