गाजे-बाजे और सिंदूर खेला के साथ मां बिपद्तारिणी का भव्य विसर्जन

साहिबगंज। आस्था और श्रद्धा के प्रतीक मां बिपद्तारिणी भक्तों की विपदा हरकर अपने धाम लौट गईं। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मां की प्रतिमा को नम आंखों से विदाई दी गई। स्थानीय बंगाली टोला स्थित दुर्गा मंदिर में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना का दौर चला। भजन-कीर्तन और “जय मां बिपद्तारिणी” के जयकारों के बीच भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना की।
पूजा के बाद मां की प्रतिमा को पालकी में बैठाकर विसर्जन के लिए ले जाया गया। मां की विदाई के समय पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। बंगाली समुदाय की महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए मां को सिंदूर खेला और नम आंखों से विदा किया। कई भक्तों की आंखें नम थीं। लोगों का कहना था कि मां ने इस बार भी अपने भक्तों की सभी बाधाओं को दूर किया है।
विसर्जन शोभायात्रा गाजे-बाजे और ढाक की धुन पर निकाली गई। प्रतिमा बंगाली टोला से तिलकधारी कुआं पथ, बाटा रोड, गांधी चौक, बड़ी धर्मशाला चौक, चौक बाजार, स्वामी विवेकानंद चौक, पटेल चौक, स्टेशन चौक, कृष्ण नगर, बड़तल्ला स्ट्रीट होते हुए घाट रोड पहुंची और स्थानीय गंगा तट पर विसर्जित की गई। विसर्जन कार्यक्रम में स्थानीय श्रद्धालु और पूजा समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।
मान्यता है कि मां बिपद्तारिणी अपने भक्तों के जीवन से संकट दूर कर उन्हें सुख और शांति प्रदान करती हैं। अगले वर्ष मां के पुनः आगमन की कामना के साथ भक्तों ने मां से आशीर्वाद लेकर विदाई दी।


