नाबार्ड के गठित कृषक उत्पादक संगठन द्वारा लॉकडाउन में गिरिडीह में की जा रही सब्जी आपूर्ति

रांची : त्रासदी मानव की जिजीविषा का परीक्षण करती है। इस समय कई लोग या समूह नवोन्मेषी तरीके से इस आपदा से उपजे तनाव को कम कर राहत फैला रहे हैं। इसी कड़ी में गिरिडीह जिले के नाबार्ड द्वारा गठित कृषक उत्पादक समूहों ने शानदार काम किया है। उन्होंने किसानों से सब्जियां संग्रहित कर उपभोक्ताओं के दरवाज़े तक पहुंचाने का काम शुरू किया है। इसके परिणाम बहुआयामी हैं। यह जानकारी नाबार्ड, झारखंड के मुख्य महाप्रबंधक एके पाढी ने दी है।

इससे समूहों की सामूहिक शक्ति के विकास के साथ. साथ बेहतर सामाजिक कल्याण की भावना भी बढ़ी है।

किसानों की सब्जियां बर्बाद नहीं हो रहीं एवम उन्हें उसका उचित मूल्य मिल रहा है। ग्राहकों को भी अपने दरवाजे पर ही ताजी सब्ज़ियां मिल जा रही हैं।

किसानों के लिए वरदान बनी एफपीओ

लॉकडाउन की इस अवधि में जब आवाजाही पर पाबंदी है, आर्थिक गतिविधियां मंद है तथा बाज़ार में ग्राहकों एवं विक्रेताओं की भागीदारी सीमित है तब नाबार्ड द्वारा गठित तीन एफपीओ ग्रामीण किसानों के लिए उम्मीद की रोशनी बन कर आये हैं। इसी का परिचय देते हुए इन कृषक उत्पादक समूहों एफपीओ ने नवोन्मेषी तरीके से सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ताजी सब्जियों का संग्रहण और वितरण शुरू किया है। प्रतिदिन 500 किलो तक सब्जियों का वितरण किया जा रहा है जिसके परिणाम बहु आयामी हैं।

इससे किसानों की सब्जियां बर्बाद नहीं हो रही एवं उन्हें अपने उत्पाद का उचित मूल्य बिना बाज़ार गए ही मिल जा रहा है। ग्राहकों के लिए भी ताजी सब्ज़ियां किफायती दामों पर घर तक पहुंच जाना सुकूनदायक है।

इन समूहों के लिए भी उद्यमिता और प्रायोगिक सीख का बेहतरीन अवसर इस त्रासदी ने खोल दिया जिससे कि वह न सिर्फ अपने सामूहिक सामर्थ्य की क्षमता को पहचान कर उसे बढा सकते हैं बल्कि समाजिक कल्याण में एक जरूरी भूमिका निभा रहे हैं।

सुरक्षा मानकों और सोशल डिस्टेन्सिंग का हो रहा पालन

पूरी प्रक्रिया में सोशल डिस्टनसिंग और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। सब्जी विक्रय के दौरान संचालक दस्ताने और मास्क धारण किये रहते हैं और ग्राहकों से भी सामाजिक दूरी बनाए रखने का अनुपालन करवाते हैं।

तीन एफपीओ द्वारा तीन प्रखंडों में हो रहा सब्जी वितरण

उक्त कार्य तीन प्रखण्डों में किया जा रहा है। धनवार प्रखंड में ओडीएस किसान उत्पादक संगठन, मुख्य कार्यकारी, सिकंदर वर्मा, गिरिडीह प्रखंड में न्यू इको फ्रेश किसान उत्पादक संगठन, मुख्य कार्यकारी, धीरज वर्मा तथा गांडेय प्रखंड में फ्रेश बास्केट किसान उत्पादक संगठन मुख्य कार्यकारी अरुण वर्मा के द्वारा सब्जी संग्रहण और वितरण किया जा रहा है।

सभी निर्देशों का हो रहा पालन

सब्जी संग्रह और बिक्री के दौरान सरकार और प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। डीडीएम नाबार्ड अमित कुमार गौतम के द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी गिरिडीहए,नगर थाना गिरिडीह और अनुमंडलाधिकारी खोरीमहुआ के सहयोग से एफपीओ को सभी आवश्यक अनुमति, वाहन पास आदि दिलवाया गया है। सभी एफपीओ निर्धारित समय अवधि का पालन कर रहे हैं।

नाबार्ड किसानों को एफपीओ के तौर पर संगठित कर उनका क्षमता वर्धन करते हुए उनकी आमदनी दुगुनी करने के लिए कृत संकल्पित है। यह खुशी का विषय है कि गिरिडीह में लॉकडाउन की इस चुनौती पूर्ण स्थिति में एफपीओ के द्वारा सब्जी संग्रह और बिक्री का कार्य किया जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More