गिरिडीह में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर

गिरिडीह : समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, संस्थागत प्रसव, रक्त केंद्र के संचालन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM ABHIM) के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य आधारभूत संरचना को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान एवं पंजीकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सहिया कर्मियों एवं संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा संस्थागत प्रसव की प्रगति का मासिक आकलन सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए संबंधित कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित किया जाए।
सदर अस्पताल, गिरिडीह स्थित रक्त केंद्र के संचालन की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने रक्त की उपलब्धता, संग्रहण एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने से संबंधित व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि रक्त केंद्र के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में रोस्टर के अनुसार कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित निगरानी, कार्यों की प्रगति का आकलन तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धियों की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। समस्याओं की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में टीकाकरण, पोषण अभियान एवं अन्य जनकल्याणकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए नियमित समीक्षा, प्रभावी क्रियान्वयन एवं जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करें तथा प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अस्पताल उपाधीक्षक, जिला आरसीएच पदाधिकारी, जिला मलेरिया पदाधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, एनएचएम एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


