Giridih News: हाथियों के हमले से 70 वर्षीय मंगरा मांझी की मौत, पत्नी गंभीर

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ाती पुलिस व वन विभाग की टीम।

गिरिडीह: जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के लेडवा मंडरडीह गांव में जंगली हाथियों का कहर फिर से देखने को मिला है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात हाथियों ने एक वृद्ध दंपति पर हमला कर दिया। घटना में 70 वर्षीय मंगरा मांझी की मौत हो गई, जबकि उनकी 65 वर्षीय पत्नी बड़की देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का उपचार गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है।

परिजनों के अनुसार मंगरा मांझी रात लगभग 9:30 बजे शौच के लिए घर से निकले थे, और उन्हें रात में साफ दिखाई नहीं देता है जिस कारण उनकी पत्नी भी साथ में गई थीं। इसी दौरान क्षेत्र में विचरण कर रहे पांच-छह जंगली हाथी अचानक उनके पास पहुंच गए और दोनों पर हमला कर दिया। हाथियों के कुचलने से मंगरा मांझी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़की देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन दोनों को अपनी गाड़ी से सदर अस्पताल लाया। वहां चिकित्सकों ने मंगरा मांझी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बड़की देवी का इलाज जारी है। घटना से इलाके में शोक और दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और क्षेत्रवासियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More