Giridih News: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में छठ गीतों और श्रीराम-सीता की झांकी ने मोहा मन

गिरिडीह: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में शुक्रवार को भक्ति, संस्कृति और संस्कारों से ओतप्रोत वंदना सभा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभिभाविका श्वेता देवी शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि श्वेता देवी एवं मेनका दीदी के साथ कक्षा षष्ठ से दशम तक की बहनों ने सामूहिक वंदना की।
वंदना के उपरांत मेनका दीदी ने मुख्य अतिथि का परिचय कराते हुए उनका अभिनंदन किया। वहीं, सरिता बर्णवाल दीदी ने अंगवस्त्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दो प्रमुख आकर्षण रहे। पहला आकर्षण बहनों द्वारा प्रस्तुत छठ महापर्व की मनमोहक झांकी रही। पारंपरिक परिधानों में सजी बहनों ने ‘केलवा जे फरेले घवद से’ और ‘उगs हो सूरज देव’ जैसे लोकप्रिय छठ गीतों का सुमधुर गायन किया। इसके साथ ही बांस के सूप में ठेकुआ, फल एवं फूल सजाने तथा अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की पारंपरिक विधि का जीवंत प्रदर्शन किया। इस प्रस्तुति ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया।
दूसरा आकर्षण शिशु वर्ग के नन्हे भैया-बहनों की प्रस्तुति रही। दीपावली के पावन अवसर पर बच्चे भगवान श्रीराम और माता सीता के मनोहारी स्वरूप में सजकर विद्यालय पहुंचे। उनकी आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल एवं प्रवासी कार्यकर्ता सलमान होजाई की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रधानाचार्य आनंद कमल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल पुस्तकीय ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का भी केंद्र है। छठ महापर्व हमें प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता का भाव सिखाता है, जबकि दीपावली हमें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ती है। बहनों और शिशु वर्ग द्वारा प्रस्तुत झांकी अत्यंत सराहनीय रही। विद्यालय का प्रयास है कि बच्चे आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़े रहें।
मुख्य अतिथि श्वेता देवी ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के संस्कारमय कार्यक्रम देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी एवं भैया-बहन उपस्थित थे।


