Giridih News: पारसनाथ की तराई में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, 5 किलो का केन बम और 38 ग्रेनेड शेल बरामद

पारसनाथ की तराई में सर्च ऑपरेशन के दौरान विस्फोटक सामग्री बरामद।
जिरूवाबेड़ा जंगल के पास पुलिस और CRPF की संयुक्त कार्रवाई, विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद सर्च अभियान जारी

गिरिडीह: 11 अक्टूबर। गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की 154 बटालियन को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पारसनाथ पहाड़ की तराई में स्थित जिरूवाबेड़ा जंगल के पास सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब पांच किलोग्राम का केन बम, 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, समय रहते कार्रवाई कर संभावित नक्सली साजिश को नाकाम किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गिरिडीह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात एसपी डॉ. बिमल कुमार और सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने किसी विध्वंसक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से जंगल में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है।

सूचना मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार और द्वितीय कमान पदाधिकारी अभिनव आनंद के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। टीम में खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह, मणिलाल सिंह, उमेश कुमार सिंह, मधुबन थाना पुलिस, सीआरपीएफ की QAT टीम और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे।

सर्च ऑपरेशन में मिली विस्फोटक सामग्री

संयुक्त टीम ने जिरूवाबेड़ा जंगल के आसपास तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक केन बम, जिसका वजन करीब पांच किलोग्राम बताया गया है, बरामद किया गया। इसके अलावा 35 मीटर कोडेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर का एक बंडल, लोहे के 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल, ग्रेनेड बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री और एक इमरजेंसी लाइट भी मिली।

पुलिस के अनुसार, बरामद विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था। गुप्त सूचना के आधार पर समय रहते चलाए गए अभियान से संभावित खतरे को टालने में मदद मिली।

क्षेत्र में सर्च अभियान जारी

विस्फोटक सामग्री की बरामदगी के बाद पारसनाथ की तराई और आसपास के जंगलों में सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है। पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम क्षेत्र में अन्य संदिग्ध सामग्रियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More